अमेठी में मुंशीगंज स्थित संजय गांधी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान रविवार को मधुआपुर निवासी श्यामपता (60) की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। बेटे दीपक ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव अंतिम संस्कार के लिए घर लेकर चले गए। बेटे दीपक के अनुसार, श्यामपता को शनिवार रात करीब 11 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। समय से जांच और उपचार नहीं मिलने के कारण उनकी मां की मौत हुई। परिजनों ने कहा कि उन्हें पैसा नहीं, न्याय चाहिए। डॉ. नितिन पांडेय ने बताया कि मरीज की शुगर अधिक थी। उन्हें हार्ट अटैक आया। इससे मौत हो गई। रात करीब 11 बजे जांच लिखी गई थी, जबकि जांच रविवार दोपहर 12 बजे कराई गई। क्षेत्राधिकारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया था। उन्हें समझाकर शांत कराया गया। परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए और शव अंतिम संस्कार के लिए घर लेकर चले गए। मृतका के पति जोखू हैं। उनके दो बेटे दीपक और संदीप तथा पांच बेटियां हैं। चार बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटी बेटी रूबी की शादी नहीं हुई है।