अमेठी में संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को फरियादियों की शिकायतों के साथ उन समस्याओं की तस्वीर भी सामने आई, जिनके समाधान के लिए लोग लंबे समय से तहसील और विभागीय कार्यालयों की दौड़ लगा रहे हैं। नाली, पेड़, रास्ते और पैतृक मकान से जुड़े विवाद लेकर पहुंचे कई लोगों ने बताया कि पहले भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन हर बार कार्रवाई के आश्वासन के बाद उन्हें दोबारा अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। भोले का पूरवा पछेला निवासी रामपति ने बताया कि विपक्षियों ने नाली तोड़ दी है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। गौरीगंज के भटगवां निवासी लता ने बताया कि उनके बेटे पर साजिश के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में न्याय की उम्मीद लेकर वह लगातार अधिकारियों के यहां जा रही हैं, लेकिन राहत नहीं मिली। महोना पश्चिम के सालिकराम की शिकायत और भी पुरानी है। उन्होंने बताया कि घर के सामने ग्रामसभा की जमीन पर पेड़ खड़ा है। इससे हादसे की आशंका रहती है। पेड़ हटवाने के लिए चार माह से राजस्व, वन विभाग और पुलिस के चक्कर लगा रहे हैं, फिर भी कार्रवाई नहीं हुई। जामों के अहद निवासी अशोक कुमार ने बताया कि सार्वजनिक रास्ते पर पेड़ होने से चार पहिया वाहनों का आवागमन बाधित है। शिकायत के बाद भी समस्या बनी हुई है। महोना पश्चिम की नजमा पैतृक मकान के विवाद के निस्तारण के लिए कई वर्षों से भटक रही हैं। ऐसे ही कई फरियादी दोबारा समाधान दिवस में न्याय की आस लेकर पहुंचे। गौरीगंज में सीडीओ पूजा साहू ने शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।