अंबेडकरनगर। आलापुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह घर से निकले 40 वर्षीय उमेश का शव बुधवार सुबह शाहपुर औरांव नहर में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक ख्वाजेबड़ापुर गांव निवासी राम केदार के पुत्र थे। परिजनों के अनुसार उमेश मंगलवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार के लोग उनकी तलाश में जुटे थे। बुधवार सुबह नहर में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान उमेश के रूप में की। इंस्पेक्टर बीरेंद्र बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। उमेश गांव और आसपास के बाजारों में बिजली की लाइट बनाने का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शव पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया नहर में डूबने से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।