मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेस कमेटी जलालपुर के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन ब्लॉक परिसर स्थित शहीद स्मारक से शुरू होकर सराय चौक, यादव चौराहा और जलालपुर कोतवाली मार्ग से होते हुए ब्लॉक परिसर में पहुंचकर समाप्त हुआ। ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार अग्रहरि और बृजेश सिंह यादव के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान जिलाध्यक्ष केके यादव पुतला फूंकने का प्रयास कर रहे थे, तभी कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप सिंह यादव और अन्य पुलिसकर्मियों ने पुतला छीन लिया और अपने साथ ले गए। जिलाध्यक्ष केके यादव ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े किसी भी कदम को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग से एसआईआर प्रक्रिया को लेकर उठ रही आशंकाओं को दूर करने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुनील मिश्रा, अधिवक्ता सुनील सिंह, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी आलोक पाठक, जिला महासचिव अमरनाथ यादव, सोशल मीडिया प्रभारी हमेश बिहारी यादव, अनुशमा, जिला सचिव सुशील गौतम, राकेश कुमार, प्रसन्नी बाल मास्टर, दुर्गा यादव, रामसहाय, इमरान गांधी, अकबरपुर ब्लॉक अध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी, सुर्तिजा हुसैन, रमेश वर्मा, राजेश पाल, प्रमोद वर्मा और पूर्व सभासद जयकेश वर्मा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार अग्रहरि ने प्रदर्शन में शामिल सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इस मौके पर कृष्ण तिवारी, राजनाथ, नातिम रजा, राम अचल, अनीश मोहम्मद और विवेक शुक्ला समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।