अंबेडकरनगर। आलापुर तहसील क्षेत्र के शिवतारा कमालपट्टी गांव में बुधवार को मौसम बिगड़ने के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से भगवानदास के पुत्र आशाराम गुप्ता (55) की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है। बुधवार को दिनभर मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहा। सुबह से दोपहर तक अकबरपुर क्षेत्र में मौसम साफ रहा और हल्की धूप भी निकली। दोपहर बाद अचानक आसमान में बादल घिर आए। करीब साढ़े तीन बजे बारिश शुरू हो गई, जो करीब एक घंटे तक होती रही। इसी दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की घटना सामने आई। बारिश से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली, लेकिन तेज बारिश के कारण अकबरपुर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। आकाशीय बिजली से हुई मौत की सूचना के बाद राजस्व विभाग की टीम ने घटना की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।