अंबेडकरनगर। राजकीय आईटीआई अकबरपुर में बुधवार को जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में करीब 20 कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिससे रोजगार की तलाश में पहुंचे युवाओं में उत्साह देखने को मिला। कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग और चयन प्रक्रिया शुरू की गई। रोजगार मेले का शुभारंभ जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने किया। उन्होंने युवाओं से रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने और अपनी योग्यता के अनुरूप क्षेत्र चुनने का आह्वान किया। मेले में होंडा, टाटा मोटर्स, न्यू हॉलैंड, डिक्सन, क्वेस कॉर्प, एमआरएफ और स्विगी समेत विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंचे। इस दौरान जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा, जिला सेवायोजन अधिकारी अनुपमा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने रोजगार मेले की व्यवस्थाओं और कंपनियों की ओर से की जा रही चयन प्रक्रिया का जायजा लिया।