अंबेडकरनगर में जनपद न्यायालय परिसर में नवनिर्मित पारिवारिक न्यायालय भवन का रविवार को भव्य ई-उद्घाटन हुआ। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने भवन का ई-उद्घाटन किया। वरिष्ठ न्यायाधीश व इंफ्रास्ट्रक्चर कमेटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति महेश चंद्र त्रिपाठी तथा अंबेडकरनगर की प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति नंद प्रभा शुक्ला, जिला जज चंद्रोदय कुमार की उपस्थिति में हुए कार्यक्रम से न्यायिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर अधिवक्ताओं और वादकारियों में खुशी रही। आरओबी के नीचे संचालित पुराने पारिवारिक न्यायालय के जनपद न्यायालय परिसर से दूर होने के कारण लंबे समय से हो रही परेशानी से अधिवक्ताओं और वादकारियों को राहत मिली है। पहले न्यायालय तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और आवागमन में दिक्कत होती थी। अब जनपद न्यायालय परिसर में ही पारिवारिक न्यायालय भवन उपलब्ध होने से मुकदमों की पैरवी करने वाले अधिवक्ताओं और तारीख पर आने वाले वादकारियों को सुविधा मिलेगी।