अलीगढ़ के राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के पांचवें स्थापना दिवस समारोह पर शीला गौतम सेंटर फॉर लर्निंग के सभागार में विराट कवि सम्मेलन आयोजित हुआ। देशभर के ख्यातिलब्ध कवियों ने अपनी सशक्त काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। वीर रस, शृंगार, हास्य, सामाजिक चेतना और देशभक्ति से ओत-प्रोत रचनाओं ने कार्यक्रम को यादगार बनाया। सबरस मुरसानी ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह के देशप्रेम पर प्रकाश डाला। उन्नति भारद्वाज ने नारी शक्ति, कुमार संभव ने मां के प्रति श्रद्धा और मनोज चौहान ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह के व्यक्तित्व पर रचनाएं पढ़ीं। डॉ. दौलतराम, ज़ाहिद खान और डॉ. अजय अटल ने प्रेम की अनुभूतियों को अभिव्यक्त किया। हास्य कवि पद्म अलबेला ने श्रोताओं को गुदगुदाया, जबकि डॉ. शिखा दीप्ति ने नारी सशक्तीकरण का संदेश दिया। मुख्य अतिथि प्रोफेसर विभा शर्मा ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने और किताबें पढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर कुलसचिव प्रबुद्ध सिंह, कार्यक्रम समन्वयक प्रोफेसर अंजना सहित शिक्षक और सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद रहे।