आगरा। रक्षाबंधन को देखते हुए यातायात पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। यातायात पुलिस की महिला कर्मियों ने नियमों का उल्लंघन कर जाने वाले चालकों को रोका। उनकी कलाई पर राखी बांधी। लोगों से नियमों के पालन का वचन भी लिया। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि यातायात पुलिस की ओर से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रक्षाबंधन पर विशेष अभियान चला। जगह-जगह महिला पुलिसकर्मियों को लगाा गया। जो दो पहिया वाहन चालक बिना हेलमेट के थे, उनको रोका गया। उन्हें बताया गया कि सिर में चोट लगने पर जान जा सकती है। सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या दो पहिया वाहन चालकों की रहती है। इसके साथ ही चार पहिया वाहन चालकों को भी निर्धारित गति का पालन करने, सीट बेल्ट लगाने, गलत दिशा में वाहन नहीं ले जाने के बारे में बताया। लोगों ने पुलिसकर्मियों को आश्वासन दिया कि वो नियमों का पालन करेंगे।