बार-बार बदल रहा मौसम लोगों को बीमार कर रहा है। तेज बुखार-खांसी, गले में सूजन-दर्द और मुंह का स्वाद भी नहीं आ रहा है। बीच में दवाएं छोड़ने से मर्ज कई दिन तक परेशान कर रहा है। इससे कमजोरी बहुत हो रही है। मरीज चिड़चिड़े भी हो रहे हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में फॉलोअप में आने वाले मरीजों में दिक्कत बढ़ी हुई मिल रही है। मेडिसिन विभाग के डॉ. आशीष गौतम ने बताया कि मेडिसिन विभाग की ओपीडी में रोजाना 650 से अधिक मरीज आ रहे हैं। इसमें फॉलोअप के मरीजों की संख्या करीब 30 फीसदी है। गर्मी-उमस में ठंडी सामग्री खाने-पीने और पारा कम होने से दिक्कत बन रही है। तेज बुखार के साथ तेजी से प्लेटलेट्स कम हो रही हैं। कमजोरी और थकान ज्यादा मिल रही है। कई मरीज ऐसे भी हैं, जिन्होंने दवाएं बीच में बंद कर दी, जिससे मर्ज फिर से बढ़ गया।