थाना डौकी पुलिस ने राहगीरों से छिनैती करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सैमसंग मोबाइल, 1400 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया कि 29 जुलाई को कौलारा खुर्द निवासी योगेश ने तहरीर दी थी। इसमें बताया था कि रात करीब 10:30 बजे वह घर जा रहा था। रास्ते में लोगों ने उसका मोबाइल और 9500 रुपये छीन लिए थे। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया था। बृहस्पतिवार को पुलिस टीम ने मढ़ी नहर की पुलिया के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शिवम निवासी ऊंचा, थाना शमसाबाद, नागेंद्र उर्फ नंदू निवासी बड़ागांव, थाना शमसाबाद और सनी चौहान निवासी क्षत्रिय कॉलोनी, शमसाबाद बताए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल, 1400 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। संवाद