आगरा के बोदला-बिचपुरी रोड पर पहले से पड़ी सिल्ट पूरी तरह साफ नहीं की गई। दूसरी जगहों पर भी सिल्ट डालकर एक लेन से आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया। रास्ते से गुजरने वाले लोग बदबू और जाम से परेशान हैं। बोदला से बिचपुरी, अछनेरा, कलवारी, रायभा सहित सैकड़ों गांवों को शहर से जोड़ने वाली मुख्य सड़क है। इस पर दर्जनों स्कूल, कृषि महाविद्यालय और फैक्टरी हैं। रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना है। आगरा विकास प्राधिकरण रोड किनारे नाले को पक्का कराने का कार्य करा रहा है। ठेकेदार ने उसकी सिल्ट निकालकर जगह-जगह बिचपुरी की ओर जाने वाली एक लेन पर डाल दिया है। वह लेन मघटई तिराहे पर पूरी तरह बंद हो गई है। स्कूल के समय और शाम को घंटों लोग जाम में फंसे रहते हैं।