आगरा के जगनेर में एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी के समर्थन में मंगलवार को सुबह 10:30 बजे नौनी के एक निजी विद्यालय में शिक्षक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति, सांसद राजकुमार चाहर और खेरागढ़ विधायक भगवान सिंह समेत भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर नेताओं ने कहा कि शिक्षक समाज के बुद्धिजीवी वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और शिक्षकों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने के लिए शिक्षित, कर्मठ और अनुभवी प्रतिनिधि का निर्वाचन जरूरी है। नेताओं ने सरकार की उपलब्धियों और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए मजबूत प्रतिनिधित्व की जरूरत बताई। आगरा खंड में इस निर्वाचन के लिए 23 अक्तूबर को मतदान और 27 अक्तूबर को मतगणना होगी।