आगरा के सिकंदरा के गैलाना क्षेत्र में ससुर के चौथपटा (बरसी) में हुई मारपीट में घायल भूरालाल (30) की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वह भरतपुर के पचौरा गांव निवासी थे। मौत के बाद परिजन ने पोस्टमार्टम हाउस परिसर में हंगामा किया। पुलिस ने समझाकर शांत कराया। मामले में गैरइरादतन हत्या की धारा बढ़ाई गई है। गैलाना वाल्मीकि बस्ती के सुदेश ने बताया कि 8 अक्तूबर को उनके पिता की चौथी बरसी थी। इस अवसर पर चौथपटा का आयोजन किया गया था। मारपीट में भूरालाल समेत छह लोग चोटिल हुए थे। सुदेश ने आरोप लगाया कि बरसी पर भोजन के समय क्षेत्र के अभिषेक, शंकर, छोटू, विशाल और सनी ने गाली-गलौज कर मारपीट की थी। भूरालाल ने बेटे वेद को बचाने का प्रयास किया तो उनके सिर में गंभीर चोट आईं। एसएन मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और मृतक की पत्नी व दो बेटियों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं। एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी, अब धारा बढ़ाई गई है।