विश्व धरोहर ताजमहल के फोरकोर्ट क्षेत्र में रात के अंधेरे में एक बड़ा सा अजगर दिखाई देने से सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे स्थानीय सुंदर पहलवान ने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। सोमवार रात आठ बजे ताजमहल के फोरकोर्ट परिसर में अजगर को रेंगते देखा गया। अजगर की लंबाई देख मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल सुंदर पहलवान को बुलाया गया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर बेहद सावधानी से अजगर को पकड़ा और सुरक्षित तरीके से बोरे में बंद किया। रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित नजदीकी जंगल में छोड़ दिया गया, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।