आगरा। खेडा राठौर के भगतनपुरा गांव में श्रीकृष्ण का पालतू कुत्ता पागल हो गया। उसने रविवार की सुबह 10 बजे पूरे परिवार को काट लिया। कुत्ते के काटने से घायल हुए श्रीकृष्ण, उनकी पत्नी गुड्डी देवी, बेटी सविता, बेटा पंकज को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बाह पर भर्ती कराया। कुत्ते के काटने के बाद परिजनों ने उसे घर से बीहड़ तक खदेड़ दिया। कुत्ता दोबारा से घर में घुस आया। परिवार के अलावा पड़ोसी भी हमले की आशंका से डरे हुए हैं। श्रीकृष्ण ने बताया कि कुत्ता पालतू है। दूसरे पागल कुत्ते ने उसे काट लिया था। जिससे वह भी पागल हो गया था। बाह सीएचसी के अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि अस्पताल में रविवार को कुत्ते के काटने के 18 मरीज आए थे। सभी को उपचार के साथ एआरवी की डोज दी गई है।