मैनपुरी के थाना क्षेत्र के ग्राम बलरामपुर निवासी 65 वर्षीय शकुंतला देवी के नहर में डूबने की आशंका के बाद तीसरे दिन गुरुवार को भी उनकी तलाश जारी रही। पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। आगरा से पहुंची पीएसी की टीम ने बचाव उपकरण और स्टीमर की मदद से नहर में गोताखोरों के साथ कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक वृद्धा का कोई सुराग नहीं मिल सका। बताया गया है कि शकुंतला देवी मंगलवार रात करीब 10 बजे परिजनों से नाराज होकर घर से निकल गई थीं। बुधवार सुबह नहर के किनारे उनकी चप्पल और डंडा मिलने के बाद परिजनों को जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ग्रामीण गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश शुरू कराई थी। गुरुवार को भी प्रभारी निरीक्षक ललित और लेखपाल विपिन यादव सहित पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही। आगरा से पीएसी की टीम अपने बचाव उपकरण और स्टीमर लेकर पहुंची। टीम ने गोताखोरों के साथ स्टीमर से नहर में विभिन्न स्थानों पर गहन छानबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। देर शाम तक नहर में तलाश अभियान जारी रहा।