आगरा के सैंया थाना क्षेत्र के एक गांव में 8 अक्तूबर की शाम को पटाखे चलाकर घर में फेंकने का विरोध करने पर गांव के ही तीन युवकों ने किशोरी व उसकी मां व भाई की पिटाई कर दी। किशोरी ने युवकों पर छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन से की गई है। शिकायती पत्र में पीड़िता ने लिखा है कि वह अपनी मां और भाई के साथ 8 अक्तूबर की शाम घर पर काम कर रही थी, तभी गांव के तीन युवकों ने पटाखे चलाकर उसके घर में फेंक दिए। विरोध किया तो आरोपियों ने उसे और उसकी मां व भाई की पिटाई कर दी। तीनों युवकों ने उसके कपड़े फाड़कर छेड़छाड़ भी की। आरोप है कि थाना सैंया में लिखित शिकायत की थी लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता ने पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन से प्राथमिकी दर्ज कराने की गुहार लगाई है।