विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) जैसे अति महत्वपूर्ण कार्य में लगे बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं। रविवार को विशेष अभियान के दाैरान शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई मतदान केंद्रों पर अव्यवस्थाएं हावी रहीं। कहीं खुले मैदान में तो कहीं बाइक पर बैठकर बीएलओ वोट बनाते नजर आए। बड़ी संख्या में लोग अपने वोट जुड़वाने, मृत सदस्यों के वोट हटवाने और संशोधन के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे। बीएलओ की जिम्मेदारी निभा रहे शिक्षकों ने लोगों के फॉर्म भरवाने से लेकर उनकी समस्याओं का समाधान करने का पूरा प्रयास किया। अमर उजाला की पड़ताल में मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिलीं। कई केंद्रों पर न तो पीने के पानी की व्यवस्था थी और न ही शौचालय खुले थे। महिला बीएलओ को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। अधिकारियों के निर्देश के बाद भी केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित विभागों की लापरवाही सामने आई।