आगरा के बाह में जरार के ऐतिहासिक जल विहार मेले में मंगलवार की रात आठ बजे दाऊजी महाराज का डोला उठते ही क्रांति की यादें ताजा हो गई। जंग ए आजादी के दौरान दाऊजी महाराज का डोला क्रांति का हथियार बना था। आचार्य अशोक शर्मा ने दाऊजी महाराज की पूजा कर शोभा यात्रा का शुभारंभ किया। एनजीओ नव अक्षय पात्र के संयोजक एवं समाजसेवी उमेश सिसोदिया ने कहा कि जल विहार मेला प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है। क्रांति इतिहास एवं जरार के बलिदानियों को याद करने का दिन है। उन्होंने बताया कि शोक के माहौल में भी ऐतिहासिक परंपरा का निर्वहन किया गया है। आयोजन समिति के अध्यक्ष नंदू सिसोदिया ने बताया कि अगले साल जल विहार मेला को भव्य एवं दिव्य रूप दिया जाएगा। इस दौरान जितेन्द्र सिंह सिसोदिया, राजीव गुप्ता, सुरेश गुप्ता, मोहन प्रकाश जादौन, संतशरन वर्मा, हरी सिंह आदि रहे। दाऊजी मंदिर से उठा डोला जरार के प्रमुख मार्गो से होते हुए देर रात हनुमान मंदिर पर पहुंचा। जगह-जगह डोले पर फूल बरसाए गये। आरती उतारी गई।