आगरा के सबसे व्यस्त और घने कारोबारी इलाकों में शुमार राजामंडी बाजार में आखिरकार वही हुआ जिसका डर पिछले एक महीने से व्यापारियों और राहगीरों को था। नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों की घोर लापरवाही के कारण आज एक बड़ा हादसा हो गया। बाजार में पिछले एक महीने से टूटी पड़ी पुलिया और खुले पड़े मैनहोल में अनियंत्रित होकर एक बाइक गिर गई, जिससे उस पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार दोपहर एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ बाइक पर राजामंडी बाजार से गुजर रहा था। सड़क पर संकरे रास्ते और अचानक सामने आए टूटे मैनहोल व पुलिया के गड्ढे को चालक संभाल नहीं सका और बाइक सीधे उसमें जा गिरी। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला को काफी गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।