आगरा के सदर के सेवला में शुक्रवार रात ढाबा संचालक बीटू लवानिया की हत्या का आरोपी सिपाही प्रयागराज में पकड़ लिया गया। पुलिस टीम उसे देर रात लेकर आगरा आ जाएगी। उससे पूछताछ के बाद ही हत्या की वजह और इस्तेमाल हथियार का पता चल सकेगा। वहीं मामले में चाणक्य सेना के साथ पीड़ित परिवार ने पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से मुलाकात कर सुरक्षा और मदद की मांग की। सेवला जाट निवासी बीटू लवानिया को शुक्रवार रात महेश ढाबा के बाहर ऑटो में गोली मारी गई थी। परिजन का आरोप है कि मधु नगर के रहने वाले जैकी चौधरी ने गोली मारकर हत्या की। जैकी यूपी पुलिस में सिपाही है और वर्तमान में प्रयागराज में एक अधिकारी का गनर है। वह बिना छुट्टी लिए आगरा आया और वारदात कर भाग गया। बीटू के परिजन की तहरीर के आधार पर जैकी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। सोमवार को मुलाकात के वक्त परिजन को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि आरोपी हत्याकांड को अंजाम देकर प्रयागराज भागा था। वहीं पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया है। उसे लेकर टीम आगरा आ रही है। उसे बर्खास्त कराने के साथ ही सजा दिलाने में पुलिस पूरा साथ देगी।