आगरा के बाह के चौसिंगी गांव में बुधवार दोपहर 2 बजे खेलते-खेलते पानी से भरी बाल्टी में ओंधे मुंह गिरने से निहांशी (1 वर्ष) की मौत हो गई। अस्पताल में चिकित्सक ने सीपीआर दी, लेकिन उसकी सांसे नहीं लौट सकीं। रघुनाथपुरा चौसिंगी गांव के उमेश कुमार ने बटेश्वर मेला में दुकान लगाई थी। बुधवार की दोपहर दो बजे पत्नी नीरू एक साल की बेटी निहांशी को खाट पर दूध की बोतल देकर कपड़े धोने के लिए चली गई थी। खाट से उतर कर वह घुटनों के बल रेंगते हुए बाथरूम में पहुंच गई। जहां फर्श पर पानी से भरी बड़ी बाल्टी रखी हुई थी। आशंका है कि उसने बाल्टी के ऊपर चढ़ने की कोशिश की होगी तो वह उसमें औंधे मुंह जा गिरी, मगर निकल नहीं पाई। जब नीरू को खाट पर निहांशी नहीं दिखी तो दौड़ी हुई बाथरूम पहुंची तो बाल्टी में वह ओंधे मुंह पड़ी मिली। बच्ची को देख कर उसकी चीख निकल गई। मासूम को बाल्टी से बाहर निकाला। चीख पर पहुंचे परिजन और पड़ोसियों ने उसे उल्टा लिटा कर पेट का पानी निकाला और आनन फानन में इलाज के लिए बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले पहुंचे। जहां पर डॉ. अमन कुमार, फार्मासिस्ट मनोज शर्मा ने सीपीआर दी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद भी निहांशी की सांसें नहीं लौट सकीं। सीपीआर के दौरान परिजन और अस्पताल में मौजूद मरीज, तीमारदार सांसे थाम कर स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रयासों के बीच प्रार्थना करती रहीं। मासूम की मौत से परिवार में मातमी कोहराम मच गया है। इकलौती बच्ची की मौत से परिवार सदमे में हैं।