श्री कृष्ण जन्माष्टमी से एक दिन पहले राजधानी शिमला के लोअर बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की खूब भीड़ उमड़ी। बाजार में खासतौर पर लड्डू गोपाल के लिए कपड़े और श्रृंगार का सामान खरीदने के लिए महिलाएं और युवतियां पहुंचीं। जन्माष्टमी को लेकर बाजार में दिनभर रौनक देखने को मिली। लोअर बाजार में इन दिनों लड्डू गोपाल के लिए अलग-अलग डिजाइन और रंगों की पोशाकें उपलब्ध हैं। दुकानों पर लड्डू गोपाल की ड्रेस 50 रुपये से 300 रुपये तक की कीमत में बिक रही हैं। इसके अलावा सजावट और श्रृंगार से जुड़ा सामान भी लोग खरीद रहे हैं। जन्माष्टमी से पहले खरीदारी के लिए पहुंची महिलाओं और युवतियों के कारण लोअर बाजार में चहल-पहल बढ़ गई। दुकानदारों के अनुसार, पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।