राजधानी शिमला के ढली के समीप भूस्खलन होने से सड़क किनारे पत्थर गिर गए। मौके पर पत्थरों को हटाने का काम जारी है। हालांकि, पहाड़ी से दोबारा भूस्खलन होने और पत्थरों के सड़क पर गिरने का खतरा अभी भी बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, निजी प्लाट की कटिंग को ही भूस्खलन का संभावित कारण माना जा रहा है। पहाड़ी की स्थिति को देखते हुए दोबारा मलबा और पत्थर सड़क पर आने की आशंका बनी हुई है। लोक निर्माण विभाग ने वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार, यदि बारिश अधिक होती है तो भूस्खलन का खतरा और बढ़ सकता है। फिलहाल सड़क की डबल लेन खुली हुई है और यातायात सामान्य रूप से संचालित किया जा रहा है। मौके पर पत्थरों को हटाने का काम जारी है, ताकि सड़क पर आवाजाही सुरक्षित तरीके से बनी रहे। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से पहाड़ी के संवेदनशील हिस्से के पास अनावश्यक रूप से रुकने से बचने और मौसम खराब होने की स्थिति में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।