राजधानी शिमला में शनिवार को वीकेंड पर पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा। सुबह से ही सैलानियों की आवाजाही बढ़ने लगी थी और दोपहर होते-होते शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार हो गए। रिज मैदान, स्कैंडल प्वाइंट,जाखू और अन्य सैरगाहों पर दिनभर रौनक बनी रही। कोई परिवार के साथ घूमता दिखा तो कोई खूबसूरत वादियों के बीच सेल्फी और तस्वीरें लेने में मशगूल रहा। खिली धूप ने सैलानियों के घूमने का मजा दोगुना कर दिया। वीकेंड की इस भीड़ से शहर के पर्यटन कारोबार को भी रफ्तार मिली।