मोहाली में कूड़े के उचित प्रबंधन को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। फेज-5 में शाही माजरा के साथ लगते आरएमसी प्वाइंट के पास जमा कूड़े के ढेर में शनिवार सुबह फिर आग लग गई। यहां लगातार सूखा कूड़ा जमा हो रहा है, लेकिन इसे समय पर उठाने के लिए नगर निगम की ओर से प्रभावी कार्रवाई होती दिखाई नहीं दे रही है। कूड़े में आग लगने के बाद इलाके में धुआं फैल गया, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूखे कूड़े के लगातार जमा होने और उसमें बार-बार आग लगने की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय स्तर पर सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब इस स्थान पर लगातार कूड़ा जमा हो रहा है, तो नगर निगम इसे समय पर उठाने की व्यवस्था क्यों नहीं कर पा रहा? क्या निगम अधिकारियों को इस समस्या की जानकारी नहीं है या फिर शिकायतों के बावजूद समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा? कूड़े के ढेर में बार-बार आग लगने से वायु प्रदूषण का खतरा भी बढ़ता है। ऐसे में जरूरी है कि नगर निगम इस स्थान से जमा कूड़े को जल्द हटाए और भविष्य में कूड़ा जमा होने से रोकने के लिए नियमित सफाई की व्यवस्था करे।