पंजाब मुलाजिम एवं पेंशनर्स की सांझी तालमेल कमेटी के आह्वान पर जगराओं में बिजली कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर कर्मचारियों की जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर टेक्निकल सर्विस यूनियन तथा ज्वाइंट फोरम पंजाब की अगुवाई में बिजली कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कर्मचारियों को लंबे समय से उनके हक का महंगाई भत्ता (डीए) नहीं दिया जा रहा, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। यूनियन नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार के मुलाजिमों को पहले 18 प्रतिशत डीए देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक इसे पूरी तरह लागू नहीं किया गया। उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों का बकाया डीए तुरंत जारी किया जाए और कर्मचारियों से किए गए अन्य वादों को भी पूरा किया जाए।