फिरोजपुर मंडल की ओर से डेरा बाबा नानक रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को भव्य समारोह के साथ ‘स्टेशन महोत्सव’ मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की रैली से हुई। इसके बाद राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी गई। एडीआरएम नितिन गर्ग ने बताया कि समारोह में डेरा बाबा नानक रेलवे स्टेशन की ऐतिहासिक यात्रा, विरासत और भारतीय रेल में इसके महत्व पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। रेलवे स्काउट्स एवं गाइड्स ने लोक नृत्य, गीत और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर यात्रियों को विरासत संरक्षण, स्वच्छता और यात्री सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। बच्चों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता भी करवाई गई। प्लेटफार्म पर स्टेशन से जुड़े ऐतिहासिक छायाचित्रों और दस्तावेजों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें स्टेशन के विभिन्न ऐतिहासिक पड़ावों को दर्शाया गया। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। रेलवे बोर्ड ने देशभर के 103 विरासत स्टेशनों पर स्थानीय इतिहास और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी और यात्री मौजूद रहे।