फिरोजपुर मंडल के बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के विशेष प्रयासों से पर्सिमोन फलों की रेल मार्ग से ढुलाई के लिए नया यातायात प्राप्त हुआ है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में 17 सितंबर को ट्रेन संख्या 12358 दुर्गियाना एक्सप्रेस से पर्सिमोन फलों की आउटवर्ड लोडिंग सफलतापूर्वक की गई। लुधियाना से 107 पैकेटों में कुल 2,930 किलोग्राम पर्सिमोन फल कोलकाता के लिए भेजे गए। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल की विश्वसनीय और समयबद्ध माल परिवहन व्यवस्था व्यापारियों को बेहतर सुविधा प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि मंडल माल यातायात को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि रेल मार्ग से फलों की ढुलाई व्यापारियों के लिए सुविधाजनक और प्रभावी विकल्प साबित हो रही है।