फिरोजपुर रेल मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल करते हुए चालू वित्त वर्ष में पहली बार कपूरथला और मलसियां शाहकोट रेलवे स्टेशनों से कर्नाटक के व्हाइटफील्ड सैटेलाइट गुड्स टर्मिनल तक आलू की रेल मार्ग से ढुलाई की है। इस पहल से कृषि उत्पादों के परिवहन में रेलवे की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ व्यापारियों को किफायती और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट द्वारा सड़क परिवहन से माल ढुलाई करने वाले व्यापारियों को रेल की ओर आकर्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे रेलवे के माल राजस्व में वृद्धि और परिवहन के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट व्यापारियों और उद्योग जगत के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। इस पहल से किसानों और व्यापारियों को कृषि उत्पादों की रेल से ढुलाई के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही लंबी दूरी तक माल परिवहन में रेलवे की भूमिका मजबूत होगी और क्षेत्र के कृषि व्यापार को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।