पंजाब सरकार द्वारा 29 अगस्त से 7 सितंबर तक 'मिशन क्लीन पंजाब' के तहत विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई। स्थानीय निकाय मंत्री एवं शिक्षा मंत्री सरदार हरजोत सिंह बैंस ने नंगल के वार्ड नंबर 13 में 'मिशन क्लीन पंजाब' के तहत सफाई अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उनके साथ नंगल नगर परिषद के पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे। सफाई कर्मचारियों के साथ खुद आगे बढ़कर शिक्षा मंत्री बैंस ने सफाई में हाथ बंटाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 29 अगस्त से 7 सितंबर तक इस अभियान की शुरुआत की गई है और इसके तहत हर रोज सुबह दो घंटे सभी क्षेत्रों में सफाई की जाएगी। इस दौरान अधिकारी और क्षेत्रीय विधायक मौके पर मौजूद रहेंगे, जो सफाई अभियान की देखरेख करेंगे।