फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फरीदकोट जेल में दिवाली पर कैदियों के हाथों से तैयार सामान बना आकर्षण का केंद्र

जेल की चारदीवारी के पीछे जिंदगी भले ही सीमित हो जाती है, लेकिन हुनर और रचनात्मकता पर पहरे नहीं लगाए जा सकते। इसका उदाहरण फरीदकोट के माल रोड पर देखने को मिला, जहां केंद्रीय मॉडर्न जेल में बंद कैदियों द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए उत्पादों की विशेष स्टाल लगाई गई। दीवाली के मौके पर लगाई गई इस स्टाल पर लोगों ने न केवल खरीदारी में रुचि दिखाई, बल्कि कैदियों की मेहनत और हुनर की भी सराहना की। स्टाल पर महिला और पुरुष कैदियों द्वारा तैयार की गई रंग-बिरंगी फैंसी मोमबत्तियां, मोम के दीये, टाहली की लकड़ी से बने सजावटी सामान और विशेष मिठाइयां बिक्री के लिए रखी गई हैं। इनमें खास चना पिन्नी और शुद्ध देसी घी से तैयार बेसन की बर्फी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। जेल प्रशासन के अनुसार, इन उत्पादों को बाजार की तुलना में कम कीमत पर उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस संबंध में जेल कर्मचारी मनदीप कौर ने बताया कि जेल में बंद कैदियों के हुनर को पहचानकर उनसे अलग-अलग तरह के उत्पाद तैयार करवाए जाते हैं। इसका उद्देश्य उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। सामान की बिक्री से होने वाली आमदनी में इसे तैयार करने वाले कैदियों को भी हिस्सा दिया जाता है। उन्होंने बताया कि जेल अधीक्षक इकबाल सिंह धालीवाल के प्रयासों से यह पहल लगातार आगे बढ़ रही है। वहीं, स्टाल पर खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने कहा कि कैदियों द्वारा तैयार किया गया सामान अच्छी गुणवत्ता का है। ऐसी पहल से उन्हें अपनी कला दिखाने और समाज के साथ दोबारा जुड़ने का अवसर मिलता है। लोगों ने जेल प्रशासन के इस प्रयास को सराहनीय बताते हुए भविष्य में भी ऐसे स्टाल लगाने की जरूरत बताई।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें