मलोट रोड पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार टोयोटा कार ने बाइक को टक्कर मारने के बाद मोमोज स्टॉल पर खड़े लोगों को रौंद दिया। हादसे में 12 वर्षीय गुरदीप कुमार उर्फ हरमन की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने से आ रही दूसरी कार से बचने के प्रयास में चालक ने पहले बाइक को टक्कर मारी और फिर कार स्टॉल में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा करीब 100 मीटर दूर जाकर गिरा। घायलों को नौजवान वेलफेयर सोसायटी की एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद कार में शराब की बोतल मिलने पर लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया। दुर्घटनाग्रस्त हरियाणा नंबर की कार जब्त कर ली गई है। चालक हादसे के बाद फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।