फरीदकोट में ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज करने के लिए एक चालक ने ऐसा रास्ता अपनाया कि उसकी हरकत ने बिजली चोरी के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए। मामला शहर की जुबली सिनेमा मार्केट का है, जहां एक व्यक्ति दुकानों के बाहर लगे बिजली के मीटर बॉक्स खोलकर उनमें तार लगाता और अपना ई-रिक्शा चार्ज करता था। दुकानदारों के मुताबिक, पिछले कई दिनों से यह व्यक्ति रात के समय अपना ई-रिक्शा मार्केट में खड़ा करता था। शुरुआत में किसी को इसकी भनक नहीं लगी, लेकिन बाद में पता चला कि वह मीटर बॉक्स से कुंडी लगाकर बिजली का इस्तेमाल कर रहा है। बुधवार सुबह को दुकानदारों ने उसे ऐसा करते हुए पकड़ लिया। इस दौरान वह अपना चार्जर मौके पर छोड़कर वहां से निकल गया। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। इस मामले में दुकानदारों की चिंता केवल बिजली चोरी तक सीमित नहीं है। उनका कहना है कि मीटर बॉक्स में खुले तारों से छेड़छाड़ करना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है। रात के अंधेरे में नंगे हाथों से बिजली की तारें जोड़ने के दौरान चालक खुद भी करंट की चपेट में आ सकता था और आसपास के लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।