पंजाब के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने रविवार को फरीदकोट में धान खरीद प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार किसानों की फसल की निर्बाध खरीद, समय पर उठान और भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने बताया कि खरीफ सीजन 2026-27 के लिए राज्य को 180 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य मिला है। अब तक मंडियों में 21 लाख मीट्रिक टन धान की आमद हुई है, जिसमें से 20 लाख मीट्रिक टन की खरीद की जा चुकी है। किसानों के खातों में 3,111 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया गया है। उन्होंने किसानों से सूखा धान मंडियों में लाने की अपील की। डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने बताया कि मंडियों में किसानों और मजदूरों के लिए पानी, छाया, बैठने तथा बारिश से फसल बचाने के लिए तिरपालों के उचित प्रबंध किए गए हैं। इस मौके पर जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन गुरतेज सिंह खोसा, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन गगनदीप सिंह धालीवाल, नगर कौंसिल प्रधान बलजिंदर सिंह आहूजा सहित विभिन्न खरीद एजेंसियों के अधिकारी और अन्य नेता मौजूद रहे।