अग्रवाल सभा कोटकपूरा की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को रक्तदान शिविर और मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। अग्रवाल भवन में भारत विकास परिषद के सहयोग से लगाए गए रक्तदान शिविर में 71 लोगों ने रक्तदान किया। वहीं, राजन हॉस्पिटल एंड हार्ट सेंटर में आयोजित मेडिकल चेकअप कैंप के दौरान करीब 120 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। रक्तदान शिविर का शुभारंभ सुबह 9 बजे अग्रवाल भवन में अग्रवाल सभा के प्रधान सुभाष गोयल, भारत विकास परिषद मुख्य शाखा के प्रधान कपिल गोयल और स्वामी विवेकानंद शाखा के प्रधान नरेश गोयल की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर अग्रवाल समाज सभा के प्रांतीय प्रधान डॉ. अजय कांसल विशेष रूप से मोगा से पहुंचे। उन्होंने अग्रवाल सभा की ओर से समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मेडिकल कैंप में 120 मरीजों की जांच राजन हॉस्पिटल एंड हार्ट सेंटर में आयोजित मेडिकल चेकअप कैंप के दौरान डॉ. गुरजीन कौर मक्कड़ और डॉ. मोहित बंसल की अगुवाई में गुर्दे संबंधी बीमारियों और मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच की गई। कैंप में मरीजों को विभिन्न टेस्टों पर 50 प्रतिशत की छूट दी गई। इसके अलावा 100 से अधिक लोगों के मेडिकल लैब टेस्ट भी रियायती दरों पर किए गए। समाजसेवा के उद्देश्य से किया आयोजन अग्रवाल सभा के प्रधान सुभाष गोयल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर समाजसेवा के उद्देश्य से इन शिविरों का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान और स्वास्थ्य जांच शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को लाभ पहुंचाने तथा समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाता है। इन सदस्यों ने दिया सहयोग आयोजन को सफल बनाने में अग्रवाल सभा के यश अग्रवाल, नरेश पाल कांसल, सतपाल गोयल, भूषण मित्तल, राजेंद्र गर्ग, एमसी आशु गर्ग, दिनेश मित्तल, अमित मित्तल, राम कुमार गर्ग, टीआर अरोड़ा, उमेश तिवारी, सुनील मित्तल, सुनील बंसल और रुपिंदर ठाकुर सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग दिया।