भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के गुरुहरसहाय में आयोजित रैली में राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू ने कहा कि नशे की समस्या भाषणों और दावों से नहीं, बल्कि तस्करों, सप्लायरों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जड़ों पर वार करके खत्म की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘आप’ सरकार के दावों के बावजूद नशा पंजाब के परिवारों के लिए गंभीर चिंता बना हुआ है। उन्होंने पुलिस को राजनीतिक दखल से मुक्त कर नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पंजाबी गायिका सतिंदर सत्ती ने कहा कि पंजाब की होਂद, संस्कृति और पंजाबियत बचाने के लिए सबसे पहले युवाओं को बचाना होगा। उन्होंने नशे से प्रभावित युवाओं को इलाज और सहारे की जरूरत बताई। भाजपा नेता रविकरण सिंह काहलों ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने कहा कि यदि पंजाब की जवानी नहीं बचेगी तो खेती भी नहीं बचेगी। उन्होंने अपने कार्यकाल में गुरुहरसहाय में हुए विकास कार्यों का जिक्र किया और मौजूदा सरकार पर विकास कार्यों में कमी का आरोप लगाया। जिला प्रभारी विजय शर्मा ने नशा मुक्त पंजाब के लिए लोगों से एकजुट होने की अपील की।