पंजाब सरकार की ओर से प्रदेश के व्यापारिक बाजारों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और व्यापारियों की लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान के लिए पूरे पंजाब के लिए 40 करोड़ रुपये का विशेष फंड मंजूर किया गया है। पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन के उपाध्यक्ष अनिल ठाकुर ने आज मोगा के विशेष दौरे के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने मोगा पहुंचकर व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उनके जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया भी मौजूद रहे। अनिल ठाकुर ने बताया कि कमीशन की ओर से पंजाब के विभिन्न जिलों में व्यापारियों की शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए अब तक करीब 800 बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इन बैठकों के दौरान व्यापारियों की करीब 8,000 शिकायतें और समस्याएं सामने आईं, जिनमें से लगभग 7,000 का निपटारा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बाकी शिकायतों का भी जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 40 करोड़ रुपये के विशेष फंड से प्रदेश के व्यापारिक बाजारों में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस फंड के तहत बाजारों में आधुनिक वॉशरूमों का निर्माण और मरम्मत, सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत, बिजली से संबंधित समस्याओं का समाधान तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे व्यापारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी लाभ मिलेगा।