पंजाब में बिजली की अघोषित कटौती और पूरी बिजली सप्लाई न मिलने के विरोध में शिरोमणि अकाली दल की ओर से आज प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर प्रदेशव्यापी धरना दिया गया। इसी कड़ी में मोगा में भी अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने पावर ग्रिड के बाहर धरना देकर पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। धरने की अगुवाई अकाली दल के प्रदेश वाइस प्रधान संजीत सिंह सन्नी गिल ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में अकाली कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने बिजली की अघोषित कटौती के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार से लोगों को निर्बाध बिजली सप्लाई उपलब्ध करवाने की मांग की। अकाली नेताओं ने कहा कि बिजली कटौती के कारण आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को खेतों में मोटरें चलाने के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही, जबकि भीषण गर्मी और उमस के बीच घरेलू उपभोक्ताओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली कटौती का असर बच्चों की पढ़ाई और व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है। संजीत सिंह सन्नी गिल ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध करवाने में विफल रही है। उन्होंने मांग की कि बिजली की अघोषित कटौती तुरंत बंद की जाए और किसानों, घरेलू उपभोक्ताओं तथा व्यापारियों को निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो शिरोमणि अकाली दल की ओर से संघर्ष को और तेज किया जाएगा।