पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने दीपावली की पूर्व संध्या पर पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली रोशनी, खुशियों और आपसी भाईचारे का त्योहार है। यह पर्व हमें प्रेम, सद्भाव और एकजुटता का संदेश देता है। सभी लोगों को मिल-जुलकर इस त्योहार को मनाना चाहिए और समाज में आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत करना चाहिए। प्रशासक कटारिया ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए केवल ग्रीन पटाखे जलाकर दीपावली मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशियों के साथ पर्यावरण और स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी सभी की जिम्मेदारी है। पटाखों से होने वाला प्रदूषण शहर की हवा की गुणवत्ता को प्रभावित करता है। ऐसे में लोगों को जिम्मेदारी दिखाते हुए प्रदूषण का स्तर नियंत्रित रखने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से पटाखे जलाने के लिए निर्धारित समय का पालन करने का भी आग्रह किया। प्रशासन ने रात आठ बजे से दस बजे तक ही पटाखे जलाने की अनुमति दी है। कटारिया ने लोगों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन न करें और नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाएं।