कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट की ओर से धान की पराली जलाने के बढ़ते मामलों को लेकर फरीदकोट के डिप्टी कमिश्नर और एसएसपी को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। इसी के तहत शुक्रवार को जिले के विभिन्न थानों में पराली जलाने के आरोप में 24 किसानों के खिलाफ 10 मामले दर्ज किए गए हैं। डीएसपी तरलोचन सिंह के अनुसार, पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही किसानों को जागरूक भी किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद कई किसान खेतों में पराली को आग लगाने से बाज नहीं आ रहे। इसी के चलते पुलिस ने गांव बेगुवाला व झोटीवाला के तीन-तीन, अराईयां वाला कलां व पक्खी कलां के 7-7 जैतो के तीन तथा रोमाणा अजीत सिंह से संबंधित एक-एक किसान के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। इससे पहले भी फरीदकोट जिले में पराली जलाने के आरोप में 18 किसानों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इस तरह जिले में अब तक कुल 42 किसानों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।