पंजाब की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह एक बार फिर अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत रिश्तों को लेकर चर्चा में आ गए हैं। सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक के औपचारिक विमोचन समारोह में कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया। खास बात यह है कि कैप्टन इस समय भारतीय जनता पार्टी में हैं और जिस पुस्तक को लेकर भाजपा ने सोनिया गांधी पर सवाल उठाए हैं, उसी कार्यक्रम में कैप्टन की उपस्थिति ने सबका ध्यान खींचा। सियासी हलकों में गांधी परिवार के साथ उनके पुराने रिश्तों में आई गर्माहट को जरूर महसूस किया जा सकता है।दरअसल, कैप्टन अमरिंदर सिंह और गांधी परिवार के रिश्ते केवल राजनीतिक नहीं रहे हैं। कैप्टन के संबंध पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ मित्रता के रहे हैं। वह नेहरू-गांधी परिवार को लंबे समय से जानते हैं। राजीव गांधी के साथ उनकी मित्रता के कारण सोनिया गांधी के साथ भी उनके पारिवारिक संबंध मजबूत हुए। कैप्टन कई बार सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि सोनिया गांधी उनके प्रति हमेशा स्नेह रखती रही हैं और राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी उनके लिए परिवार के बच्चों जैसे हैं। एक समय ऐसा भी आया जब पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर कैप्टन और गांधी परिवार के बीच दूरियां बढ़ गई थीं। 2014 से 2015 के दौरान प्रदेश कांग्रेस की कमान और प्रताप सिंह बाजवा को लेकर कैप्टन की नाराजगी खुलकर सामने आई।