हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या में करनाल के सत्यम कादियान और आर्यन संधू का नाम आया है। दोनों पर एक-एक लाख का इनाम घोषित किया गया है। यूपी के शामली की पुलिस के साथ करनाल की स्पेशल टास्क फोर्स ( एसटीएफ) भी उनकी तलाश में जुटी है लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। उनके विदेश भागने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं। पुलिस की टीम दबिश देने पहुंची तो दोनों के घर ताला लटका मिला। पड़ोस के लोग यह जानकर हैरान रह गए कि उन्होंने छोटी उम्र में अपराध की दुनिया में बड़ी तेजी से कदम बढ़ा दिए है। दोनों 20 साल से कम के हैं और 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़कर जुर्म की राह पकड़ी है। तेजी से उभरते गायक की हत्या उनके जुर्म की कुंडली में दूसरे नंबर पर है। इससे पहले 2025 में सोनीपत में शराब के ठेके पर फायरिंग कर चुके हैं। दो दिन पहले मुठभेड़ में मारे जा चुके उनके साथी मोहित और सुमित 25 साल से कम थे। 19 साल के सत्यम कादियान का आलीशान घर शहर की अंसल टाउन कालोनी में है जबकि आर्यन संधू पुराने शहर की घनी आबादी वाले कलंदरी गेट का रहने वाला है। पिछले तीन दिन में दोनों की तलाश में शामली पुलिस और करनाल एसटीएफ एक-एक बार आ चुकी है। पुलिस टीमों ने दोनों के पड़ोसियों से जानकारी ली और चली गई। सत्यम के परिवार का पुश्तैनी मकान जाटो गेट क्षेत्र में है। ये लोग अंसल टाउन के मकान में दिन में ही रहते हैं।