अमृतसर की संधू कॉलोनी के पास तेज रफ्तार इनोवा क्रिस्टा की चपेट में आने से ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इनोवा क्रिस्टा तेज रफ्तार से आ रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने दम तोड़ दिया। टक्कर में इनोवा क्रिस्टा समेत आसपास के अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों ने कार चालक के नशे की हालत में होने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पीसीआर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस अधिकारी शमशेर सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान लोगों से हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने स्थिति संभाली और चालक को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया चालक के मुंह से शराब की गंध नहीं आ रही थी। उसकी वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए मेडिकल जांच कराई जाएगी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। छेहरटा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।