गुरु नानक देव विश्वविद्यालय (जीएनडीयू) के दशमेश ऑडिटोरियम में आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘हमारे राम’ में आम आदमी पार्टी के विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने युवाओं को संस्कारों, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों को समझने का अवसर देते हैं। मीडिया से बातचीत में डॉ. गुप्ता ने कहा कि आज के समय में युवाओं को सकारात्मक दिशा देना जरूरी है। सरकार का लक्ष्य पंजाब के युवाओं को नशे से दूर कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए सरकार के प्रयासों के साथ परिवार और समाज की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। युवाओं को शिक्षा, सेवा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के अवसर दिए जाने चाहिए। ‘हमारे राम’ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि रामायण केवल धार्मिक कथा नहीं, बल्कि इसमें पारिवारिक रिश्तों, जिम्मेदारियों, त्याग, सेवा, सत्य और दया के महत्वपूर्ण संदेश मिलते हैं। भगवान राम का जीवन त्याग और सेवा की भावना का संदेश देता है। डॉ. गुप्ता ने पंजाब में आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता मजबूत करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि समाज में नफरत की बजाय प्रेम, सद्भावना और आपसी सम्मान की भावना होनी चाहिए। विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना और संस्कृति से जोड़ना ‘रंगला पंजाब’ की भावना को मजबूत करने के लिए जरूरी है।