आम आदमी पार्टी के यूथ विंग की ओर से युवाओं को नशे से दूर कर खेलों और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से 11 अक्टूबर को अमृतसर में पंजाब यूथ रन का आयोजन किया जाएगा। यह पंजाब यूथ रन का चौथा चरण होगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर आप नेतृत्व, यूथ विंग की टीम और पार्षदों की बैठक हुई। यूथ विंग पंजाब के स्टेट वर्किंग प्रेसिडेंट बीर दविंदर सिंह ने बताया कि मैराथन में माझा क्षेत्र से करीब 25 से 30 हजार युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। इससे पहले बठिंडा में हुई पंजाब यूथ रन में करीब 25 हजार लोगों ने हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा कि अमृतसर में इस आंकड़े को पार करने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि दौड़ में पांच वर्ष के बच्चे से लेकर 85 वर्ष तक के बुजुर्ग हिस्सा ले सकेंगे। बैनरों पर दिए क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कराया जा सकता है। पंजीकृत प्रतिभागियों को टी-शर्ट, मेडल और रिफ्रेशमेंट दी जाएगी। विभिन्न आयु वर्गों में पहले पांच स्थान हासिल करने वालों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम को 11 हजार, द्वितीय को 7100, तृतीय को 5100, चौथे को 3100 और पांचवें स्थान पर 2100 रुपये मिलेंगे।