अमृतसर-तरनतारन बाईपास पर मानांवाला के पास गुरुवार को स्कॉर्पियो और तारकोल से भरे टिप्पर की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। स्कॉर्पियो में फंसे 25 वर्षीय युवक गुरिंदर सिंह की जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया। गोइंदवाल साहिब, जिला तरनतारन निवासी गुरिंदर सिंह घरों में पीवीसी फिटिंग का काम करता था। वह सामान खरीदने के लिए स्कॉर्पियो से अमृतसर जा रहा था। मानांवाला के पास स्कॉर्पियो आगे चल रहे टिप्पर से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद वाहनों में आग लग गई और गुरिंदर स्कॉर्पियो में फंस गया। आग इतनी तेज थी कि उसे बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका।