आगरा। आगरा मंडल में अगस्त माह में कुल 920 ट्रेनें देरी से चलीं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। अगस्त में संचालित 2,103 यात्री ट्रेनों में से 583 देरी से चलीं, जिससे उनकी समयबद्धता 72.28 फीसदी रही। ट्रेनों की देरी का सबसे अधिक असर नौकरीपेशा, कारोबारी और विद्यार्थियों पर पड़ा। मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी यात्रियों को देरी से राहत नहीं मिली। कुल 5,562 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में से 337 देरी से चलीं। यात्री और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों की समयबद्धता 93.94 फीसदी रही। आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि ट्रेनों के समयबद्ध संचालन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि समयबद्धता कम होने पर संबंधित जिम्मेदार को तलब किया जाता है।