रक्षाबंधन के दिन जहां लोग त्योहार की खुशियां मना रहे थे, वहीं ब्यौहारी के आखेटपुर डाला टोला के वार्ड नंबर-1 में महिलाओं और ग्रामीणों ने बदहाल सड़क को लेकर अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। सड़क पर जलभराव और कीचड़ से परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर ही धान का रोपा लगाकर प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर खींचा। इस दौरान महिलाओं ने स्थानीय लोकगीत गाते हुए प्रदर्शन किया और सड़क निर्माण की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि वार्ड में सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। बारिश शुरू होते ही रास्ते पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है। इससे करीब 400 घरों के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों को होती है। ग्रामीणों के मुताबिक, कीचड़ और पानी के कारण बच्चे कई बार नियमित रूप से स्कूल तक नहीं पहुंच पाते हैं।
ये भी पढ़ें- मातम में बदली खुशियां: ट्रेन से कटकर बेटे की जान गई तो माता-पिता भी रेल के आगे कूदे, तीन मौतों से सनसनी
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया है। इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण को लेकर कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण की मांग पर कभी जमीन को वन विभाग से जुड़ा मामला बताया जाता है तो कभी राजस्व विभाग से संबंधित विषय बताकर मामला टाल दिया जाता है।
बारिश में रास्ता बन जाता है कीचड़ से लबालब
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दिनों में सड़क की हालत इतनी खराब हो जाती है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। जगह-जगह पानी भरने से सड़क और आसपास का क्षेत्र कीचड़ में तब्दील हो जाता है। दोपहिया वाहन चालकों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से समस्या झेलने के बाद अब उन्होंने विरोध का यह तरीका अपनाया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सड़क पर धान का रोपा लगाया और स्थानीय लोकगीत गाकर जिम्मेदार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विभागीय अड़चनों को दूर कर जल्द सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।